प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में 29 दिसंबर से पहली जनवरी 2026 तक छुट्टी घोषित की गई है।
सभी बोर्डों पर लागू आदेश
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिवों ने विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा, जिनमें सभी बोर्डों के स्कूलों को शामिल किया गया हैं:
- यूपी बोर्ड (UP Board)
- केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE)
- इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (ICSE)
- सभी मान्यता प्राप्त सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय
कक्षा एक से 12वीं तक के छात्रों को राहत
जारी आदेश के अनुसार, कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। यह निर्णय छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर लिया गया है। सुबह के समय अत्यधिक कोहरे और ठंड के कारण दुर्घटनाओं और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
महानिदेशक स्कूल शिक्षा, सभी जिलाधिकारियों (DM), मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशकों, जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) और बेसिक शिक्षा अधिकारियों (BSA) को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिया गया है। यदि कोई स्कूल इस आदेश का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसी आधार पर शासन ने यह संवेदनशील निर्णय लिया है। अभिभावकों और छात्रों से कहा गया है कि वे कड़ाके की ठंड में सावधानी बरतें।
अहम तथ्य
- यूपी में शीतलहर का अलर्ट: 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक सभी स्कूल बंद रहेंगे।
मुख्यमंत्री योगी का निर्देश: बच्चों के स्वास्थ्य के लिए यूपी के सभी स्कूलों में 1 जनवरी तक छुट्टी।

0 Comments
if you have any doubt,pl let me know