SIR In Kanpur: एसआईआर में निष्क्रिय पार्षदों को कारण बताओ नोटिस देगी भाजपा

भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि राजनैतिक भविष्य सुरक्षित रखने का हथियार है एसआईआर



कहा, अगर आप सभी विधायक और पार्षद बनना चाहते हैं तो एसआईआर के कार्य में तन्मयता से जुट जाएं 


बैठक में नाराजगी जताते क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल।



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर 



भारतीय जनता पार्टी (BJP) मतदाता गहन पुनरीक्षण अभियान यानी एसआईआर (SIR) में निष्क्रिय भूमिका निभाने वाले पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी करेगी। दक्षिण जिले में नगर निगम की 46 सीटों में 36 पार्षद भाजपा के हैं, लेकिन फिर भी कार्य में शिथिलता बरतने की शिकायतें मिल रही हैं। हद तो तब हो गई जब सोमवार को भाजपा दक्षिण जिले की बैठक में हारे जीते पार्षदों एवं पार्षद प्रत्याशियों को बुलाया गया, लेकिन सिर्फ सात पार्षद ही पहुंचे। इस पर मुख्य अतिथि क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह को अनुपस्थित सभी पार्षदों को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। 


बैठक से पूर्व पुष्पांजलि अर्पित करते प्रकाश पाल, सांसद रमेश अवस्थी और विधान परिषद सदस्य मानवेन्द्र सिंह।



उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी एसआईआर में जुट जाएं। इस अभियान का असर अगले 20 वर्षों तक रहेगा। उन्होंने कहा कि एसआईआर एक चुनावी प्रक्रिया मात्र नहीं है, यह राजनैतिक भविष्य सुरक्षित रखने का हथियार भी है। पार्टी कार्यकर्ता 26 दिसम्बर तक प्रत्येक बूथ पर मतदाता सहायता कैंप लगाकर लोगों की एसआईआर फार्म भरवाने में मदद करें। उन्होंने वीरबाल दिवस, अटल जन्म शताब्दी समारोह के बारे में भी चर्चा की।  

 


सांसद रमेश अवस्थी ने भाजपा जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष एवं पार्षदों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में पूरी तरह से जुटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूचना के बाद भी बैठकों में न आने वाले पार्षद, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओ को भविष्य में लाभ नहीं दिया जाएगा। संगठनात्मक कार्यों में सक्रियता के आधार पर मेहनती, सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओ को भविष्य में पार्टी में पद मिलेगा। उन्हें सम्मानित किया जाएगा।



दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तीन तीन लोगों की टीम बनाकर बूथ के प्रत्येक घर में जाकर शिफ्टेड और अनट्रेसेबल मतदाताओं को ढूंढें। एसआईआर फार्म भरवा कर 26 दिसम्बर तक बीएलओ के पास जमा कराएं। उन्होंने कहा कि दूसरे जिले से आने वाले फर्जी मतदाताओं को चिन्हित कर उनके नाम मतदाता सूची से हटवाएं ।




बैठक में प्रमुख रूप से रघुनंदन भदौरिया, गणेश शुक्ला, राम बहादुर यादव, पंकज द्विवेदी, विनय मिश्रा, अर्जुन बेरिया, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, जसविंदर सिंह, विनोद मिश्रा, संजय कटियार, राजन चौहान, वंदना गुप्ता, शिवपूजन, शिवम मिश्रा मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments