Kanpur; Atal memorial conference : भाजपा विधानसभावार आयोजित करेगी 'अटल स्मृति सम्मेलन'


बैठक करते कानपुर दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह।



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, कानपुर 



भारतीय जनता पार्टी (BJP) 25 दिसंबर को अटल जयंती बूथ स्तर पर मनाएगी। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की राजनीतिक यात्रा 'सुशासन' में उनके योगदान और उनके जीवन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 25 से 31 दिसंबर तक विधानसभावार अटल स्मृति सम्मेलन आयोजित करेगी। अटल जयंती की पूर्व संध्या पर 24 को उनकी प्रतिमाओं एवं स्मारकों की सफाई करके दीपोत्सव मनाया जाएगा। जिला स्तर पर अटलजी के जीवन और योगदान पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। 




भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने केशव नगर स्थित भाजपा दक्षिण पार्टी कार्यालय में जिला पदाधिकारियों एवं अभियान से जुड़े संयोजक व सह संयोजक के साथ मंगलवार को बैठक कर अटल स्मृति वर्ष और वीरबाल दिवस की तैयारियों पर चर्चा की। 


उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को अटल जयंती पर बूथ स्तर पर मनाई जाएगी। कार्यकर्ता अटलजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके जीवन, राजनैतिक यात्रा एवं सुशासन में उनके योगदान और प्रधानमंत्री काल की उपलब्धियों के बारे में आमजन को बताएंगे। इसके अलावा कवि सम्मेलन, चित्र कला, प्रश्नोत्तरी, रंगोली, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।



वहीं, 26 को वीर बाल दिवस पर संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।पार्टी कार्यालय में गुरु गोविंद सिंह के चार साहबजादों की शहादत के जीवन, बलिदान, साहस, शौर्य, पराक्रम पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यकर्ता गुरुद्वारों में होने वाले शब्द कीर्तन में भी शामिल होंगे।



उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक, महापौर, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष/सदस्य, पार्षद, ब्लॉक प्रमुख के अलावा प्रदेश क्षेत्रीय जिला से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता अटल जन्म शताब्दी समारोह में अनिवार्य रूप से सहभागिता करेंगे।


भाजपा दक्षिण मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि अटल जन्म शताब्दी समारोह अभियान के लिए गणेश शुक्ला, विनोद मिश्रा , अर्जुन बेरिया, राजन चौहान, वीरेन्द्र दिवाकर को एवं वीर बाल दिवस के लिए जसविंदर सिंह, सरदार नीतू सिंह व कमलजीत सिंह बग्गा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। किदवई नगर में वेडिंग वेल गेस्ट हाउस, छावनी में परिणय गेस्ट हाउस एवं महाराजपुर विधानसभा में अटल सम्मेलन खत्री धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments