बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया का आज सुबह निधन हो गया। वे 80 वर्ष की थीं। प्रमुख राजनीतिक दल बीएनपी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर जारी बयान में कहा कि खालिदा जिया का निधन फज्र की नमाज के तुरंत बाद सुबह करीब 6 बजे हुआ। उस समय वे ढाका के एवरकेयर अस्पताल में इलाज करा रही थीं।
खालिदा को कई गंभीर बीमारियां थीं, जिनमें लिवर सिरोसिस, हृदय रोग, किडनी की समस्या, डायबिटीज, आर्थराइटिस और फेफड़ों संबंधी जटिलताएं शामिल थीं। नवंबर 2025 से उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। विदेश में उन्नत इलाज की कोशिशें भी की गईं, लेकिन उनकी स्थिति यात्रा की अनुमति नहीं दे रही थी।
खालिदा जिया का जन्म 15 अगस्त 1945 को हुआ था। वे बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जिया-उर-रहमान की पत्नी थीं, जिनकी वर्ष 1981 में हत्या के बाद खालिदा ने राजनीति में प्रवेश किया। 1984 से बीएनपी की अध्यक्ष रहीं। खालिदा जिया ने वर्ष 1991-1996 और वर्ष 2001-2006 तक दो बार प्रधानमंत्री का पद संभाला।
खालिदा जिया मुस्लिम बहुल देशों में पाकिस्तान की प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बाद दूसरी महिला प्रधानमंत्री थीं और बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री। वो भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल भी गईं। वर्ष 2024 में शेख हसीना सरकार के पतन के बाद उन्हें रिहा किया गया। उनके निधन से बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा शून्य पैदा हुआ है। बीएनपी नेताओं ने इसे राष्ट्रीय क्षति बताया है।

0 Comments
if you have any doubt,pl let me know