UP Assembly Election : मुरादाबाद में उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा का दावा-सपा-रालोद का गठबंधन होगा फेल


प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, मुरादाबाद


शहर में शनिवार सुबह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रबुद्धजन के साथ बैठक करने के लिए उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा आए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की लहर चल रही है। विपक्षी कोई मुद्दा नहीं होने के कारण परेशान है। इसलिए जाति की राजनीति कर रहे हैं। किसानों को पार्टी से नाराज बता रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत नहीं देख रहे। जाट पूरी तरह से भाजपा के साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि इस विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) का गठबंधन भी फेल होगा।


इससे पूर्व पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में पिछली बार की तुलना में इस बार और अच्छा प्रदर्शन करेगी। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रति अब कोई नाराजगी नहीं है। वे लगातार बैठक कर रहे हैं। हर जगह अच्छा समर्थन मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। सभी वर्ग के लोग उनके साथ आ रहे हैं, जो समस्याएं थी, उनका समाधान हो गया है। पलायन अब रुक चुका है। बिजली आपूर्ति अच्छी होने से किसानों की स्थिति बेहतर हुई है। गन्ने का भुगतान समय से हो रहा है। अब वे गुरहट्टी से इंपीरियल तक घर-घर वोट मांगेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस से सम्भल के लिए रवाना होंगे।

Post a Comment

0 Comments