Priyanka Gandhi will Launch the Pledges Conference-Lakshya 2022 from Bulandshahr on November 14 to take the Pledges of Congress from Door to Door : कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022 का 14 नवंबर को बुलंदशहर से शुभारंभ करेंगी प्रियंका गांधी

0

  • प्रियंका गाँधी बुलंदशहर में कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022 को करेंगी संबोधित
  • 15 नवंबर को मुरादाबाद में होगा प्रतिज्ञा सम्मेलन, कई ज़िलों के पदाधिकारी होंगे शामिल
  • पूरे प्रदेश में आयोजित किया जाएगा कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन- लक्ष्य 2022



प्रारब्ध न्यूज ब्यूरो, लखनऊ


कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं को घर-घर तक पहुँचाने के लिए पार्टी प्रदेश भर में प्रतिज्ञा सम्मेलन करने जा रही है। इसका शुभारंभ प्रियंका गांधी 14 नवंबर को बुलंदशहर से करेंगी। उसके बाद राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गाँधी 15 नवंबर को मुरादाबाद में होने वाले कांग्रेस प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022 को संबोधित करेंगी। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने दी है।

फाइल फोटो।



उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों में उत्तर प्रदेश कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में न सिर्फ़ आम जनता के मुद्दों को पुरज़ोर तरीक़े से उठा कर सरकार की जवाबदेही तय की है। संगठन को मज़बूत करने का काम भी बड़े स्तर पर किया है। संगठन सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत पार्टी ने ज़िला, ब्लॉक, न्याय पंचायत से लेकर ग्रामसभा तक कर्मठ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की फौज तैयार की है। चाहे कोरोना का संकट रहा हो या किसानों का दमन, महिलाओं की सुरक्षा का सवाल रहा हो या सूबे में बढ़ता अपराध या फिर बेरोज़गारों की लड़ाई, कांग्रेस के सिपाही हर मोर्चे पर संघर्ष करते हुए जनता के शोक को शक्ति बनाने में जुटे हैं।


श्री लल्लू ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश में बड़ी किसान सभाओं से लेकर वाराणसी और फिर गोरखपुर की रैलियों की अभूतपूर्व सफलता कांग्रेस के मज़बूत संगठन का प्रतिबिंब है। महासचिव प्रियंका गांधी पूरे प्रदेश में होने वाले कांग्रेस पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022 के जरिए सांगठन के पदाधिकारियों से महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद स्थापित करेंगी। 


इस कड़ी में पहले कांग्रेस पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन का आयोजन बुलन्दशहर में 14 नवम्बर को किया जा रहा है। यहाँ पर आगरा, अलीगढ़, मेरठ मंडल के 14 ज़िलों से कांग्रेस के पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। उसके बाद दूसरे दिन यानी 15 नवम्बर को पार्टी महासचिव मुरादाबाद में आयोजित पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन-लक्ष्य 2022 में सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली के 12 ज़िलों के पदाधिकारियों से मिल कर संवाद करेंगी।



कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश की निरंकुश सरकार के ख़िलाफ़ आज हर मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी डट कर लड़ रही है। कार्यकर्ताओं में उत्साह है और जनता भी कांग्रेस को ही विकल्प मान रही है। सड़क से सदन तक की इस लड़ाई को लड़ने के लिए कांग्रेस और पूरा संगठन प्रतिबद्ध है। प्रियंका गाँधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने चुनाव में 40 फ़ीसदी टिकट देने का अभूतपूर्व फ़ैसला किया है, जिससे पूरे सूबे में महिलाओं में ख़ासतौर पर उत्साह देखा जा रहा है।


कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रदेश में सरकार बनने पर लड़कियों को स्मार्टफोन और स्कूटी देने, किसानों का पूरा क़र्ज़ माफ़ करने, 2500 रुपये में गेहूँ-धान और 400 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से गन्ना खरीदने, सबका बिजली बिल हाफ करने और कोरोना काल का बकाया बिल माफ़ करने, कोरोना की आर्थिक मार को देखते हुए हर परिवार को 25 हज़ार रुपये की मदद देने और 20 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देने संबंधी जो प्रतिज्ञाएँ की हैं, उन्हें जन-जन तक पहुँचाने का काम शुरू हो गया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि अगले चुनाव में तीन दशकों से जारी कुशासन का अंत होगा। कांग्रेस के नेतृत्व में प्रदेश फिर से विकास व सद्भाव के मार्ग पर लौटेगा।

Post a Comment

0 Comments

if you have any doubt,pl let me know

Post a Comment (0)
To Top