- सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में घोड़ी पर सवार दूल्हे के कुछ दिन पहले फायरिंग करते वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अब प्रतापगढ़ जिले में एक दुल्हन ने शादी के स्टेज पर चढ़ने से पहले दूल्हे का हाथ थामते ही हवाई फायरिंग कर दी। हवा में गोली दागते की दूल्हा उसका हाथ पकड़कर जयमाल के लिए स्टेज पर लाता है। यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वायरल वीडियो के बारे में कहा जा रहा है कि प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा इलाके के एक गांव का है। वहां 30 मई को शादी थी। दूल्हा बरात लेकर पहुंचा था। स्टेज पर खड़ा दूल्हा दुल्हन का इंतजार कर रहा था। तभी दुल्हन को लेकर परिवार की महिलाएं आती हैं। दूल्हे ने दुल्हन की तरफ हाथ बढ़ाया। इस पर दुल्हन ने एक हाथ से दूल्हे का हाथ थामा और दूसरे हाथ से हवा में रिवाल्वर तानकर गोली दाग दी।
वीडियो में गोली चलने की आवाज के बाद धुआं निकलता भी नजर आ रहा है। फायरिंग होते ही तालियां और सीटियां बजनी शुरू हो जाती हैं। दूल्हन को दूल्हा स्टेज पर ले जाता है। शादी में हर्ष फायरिंग पर रोक के बावजूद ऐसी घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन शामली में घोड़ी पर सवार दूल्हे के बाद अब प्रतापगढ़ में दुल्हन का हवा में गोली दागते वीडियो वायरल होने से पुलिस भी परेशान है।
अब दुल्हन को हो सकती है जेल
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद थानाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि वीडियो और वाकया सही है। यह रविवार रात का वीडियो है। इस मामले में मुकदमा लिखा जा रहा है। दुल्हन और अन्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुल्हन समेत तीन पर मुकदमा
जेठवारा थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मण का पुरवा निवासी गिरिजा शंकर पांडेय की पुत्री रूपा को अपनी शादी में रिवाल्वर से हर्ष फायर करना महंगा पड़ गया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रविवार को जयमाल के समय दुल्हन बनी रूपा ने चाचा रामदास पांडेय की लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की थी। इसका वीडियो सोमवार को वायरल हो गया था। इसे संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने रूपा पांडे उसके पिता और चाचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ रिवाल्वर सीज कर दिया है। लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।

0 Comments
if you have any doubt,pl let me know